- एसएसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, 32 पुलिसकर्मियों को नवाजा
- बैठक में लंबित विवेचनाओं और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। बृहस्पतिवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने अपराध समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में पुलिस की गश्त और चौकसी बढ़ाई जाए। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले 32 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पिछले महीने के अपराध, उनके अनावरण, लंबित विवेचनाओं और पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लंबित विवेचनाओं और शिकायती प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए। 60 और 90 दिन की समय सीमा वाली विवेचनाओं की एसपी सिटी व देहात स्तर से साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। मानवाधिकार आयोग और प्रारंभिक जांच से जुड़े लंबित मामलों को भी प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचकों को गंभीर मामलों में चार्जशीट या अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने से पहले वैज्ञानिक साक्ष्यों का सही तरीके से अध्ययन करने को कहा। साथ ही अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए सीमावर्ती जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय बढ़ाने व डीसीआरबी को जरूरी डेटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से पुलिसकर्मी मधुर व्यवहार रखें। महिला फरियादियों की शिकायत सुनने के लिए महिला उपनिरीक्षक या महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। ऑनलाइन माध्यम से मिलने वाली शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी देहात अभय सिंह, एसपी सिटी दीपक सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी आदि मौजूद रहे।
-
इन पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित
एसएसपी ने एसएसआई नितिन चौहान, एसआई जगमोहन रमोला, विनोद चौहान, इखलाख, फरमान अली, भारत सिंह रावत, महिला एसआई संदीपा भंडारी, एएसआई रविन्द्र गौड़, मुन्ना नेगी, श्याम बाबू, बिरेन्द्र पाण्डेय, हेड कांस्टेबल जय प्रकाश, संजयराम, विकास भट्ट, संजय, दिनेश गुप्ता, भादूराम वर्मा, विशाल सिंह, आशीष कुमार, नरेश, कांस्टेबल सचिन, आशीष अधिकारी, सुशील चौहान, करम सिंह, नवीन क्षेत्री, अर्जुन चौहान, पंकज बिष्ट, राहुल नेगी, फायरमैन मातबर सिंह, होमगार्ड शेखर सैनी, मदनपाल, सोनिया को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।