हरिद्वार। सोमवती अमावस्या का स्नान सोमवार को आर्द्रा नक्षत्र में प्रारंभ होगा। रविवार की रात मृगशिरा नक्षत्र समाप्त होते ही मुहूर्त प्रारंभ हो गया। सोमवार को सांय 6.32 बजे तक स्नान का मुहूर्त बना रहेगा।
रविवार की रात 8.04 बजे मृगशिरा नक्षत्र समाप्त हुआ और आर्द्रा नक्षत्र लग गया। चंद्रमा के रात नौ बजे मिथुन राशि में प्रवेश करते ही मुहूर्त प्रारंभ हुआ। यह पर्व काल सोमवार की देर शाम तक बना रहेगा। परिणाम स्वरूप रविवार की रात से स्नान शुरू हो जाएगा।
सोमवती अमावस्या पर स्नान, दान और श्राद्घ का विशेष महत्व है। सवेरे गंगा स्नान कर हजारों महिलाएं नगर में फैलेे पीपल के वृक्षों की 108 परिक्रमाएं करेंगी। अनेक प्रकार के पदार्थ दान दिए जाएंगे। महिलाएं हरकी पैड़ी सहित गंगा तटों पर उद्यापन भी करेंगी। कुशावर्त और नारायणी शिला पर नारायणी पितृ कर्म संपन्न कराए जाएंगे। स्नान के लिए यात्रियों का हरिद्वार आना रविवार शाम से शुरू हो गया। पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और जम्मू कश्मीर से अधिक संख्या में यात्री पहुंचे हैं।