- सात लोगों की हुई एलायजा जांच, एक मिला निगेटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। जिले में डेंगू का संक्रमण बढ़ने लगा है। एलायजा जांच में छह नए डेंगू संक्रमित मिले हैं। जिले में अब डेंगू संक्रमितों की संख्या 10 हो गई है, हालांकि जिला मलेरिया विभाग के मुताबिक अब तक किसी भी संक्रमित में डेंगू के गंभीर लक्षण नहीं मिले हैं।
बारिश के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव के चलते मच्छरोंं की तदाद बढ़ रही है। नगर निगम फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव का दावा कर रहा है, लेकिन दावे के विपरीत मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ लोग डेंगू के डंक से बीमार हो रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि जिले में सात नए डेंगू आशंकित मिले थे।
मंगलवार को सिविल अस्पताल रुड़की में डेंगू लक्षण वाले मरीजों की एलायजा जांच करवाई गई। जांच में छह मरीज डेंगू संक्रमित पाए गए है। बताया कि इनमें फतवा लक्सर, राजपुर भगवानपुर, अकबरपुर झोझा नारसन, रामनगर रूड़की, खेड़ी रूड़की, शिवपुरम रूड़की का एक एक मरीज शामिल है। डॉ़ गुरनाम सिंह ने बताया कि अब तक 17 डेंगू लक्षण वाले मरीजों की एलायजा जांच करवाई गई है। इनमें 11 डेंगू पॉजिटिव मिले में है, जिनमें 10 हरिद्वार जिले और एक बाहर का मरीज है।