- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में दुकान के बाहर एक युवक के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि उसकी बहन से भी मारपीट कर दुकान में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बबीता निवासी बैरियर नंबर-6, निकट काला गेट, ब्रह्मपुरी ने शिकायत में बताया कि 18 जुलाई को वह गैस सिलिंडर भरवाकर अपने बेटे करण और बेटी के साथ कालागेट ब्रह्मपुरी स्थित अपनी दुकान पर लौट रही थीं। आरोप है कि दुकान के पास पहले से मौजूद सागर उनके पास आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर डंडेनुमा हथियार से उनके बेटे करण के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आरोप है कि महिला की बेटी के साथ भी मारपीट की और दुकान का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। सीओ सदर एसपी बलूनी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।