पद्मश्री सम्मान से सम्मानित प्रख्यात कत्थक नृत्यांगना बहनों नलिनी और कमलिनी की शानदार प्रस्तुतियों से गंगा महोत्सव में चार चांद लग गए। दोनों बहनों ने कत्थक नृत्य की प्रस्तुतियों को देखने के लिए काफी दर्शक पहुंचे।
शनिवार की रात गंगा महोत्सव के मंच पर जैसे ही नलिनी कमलिनी प्रस्तुति देने पहुंची तो पूरा पंडाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। सबसे पहले उन्होंने भगवान शिव की स्तुति से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। भगवान शिव के तांडव से लेकर सभी अलग-अलग भंगिमाओं की शानदार प्रस्तुतियों पर उन्होंने दर्शकों की खूब दाद बटोरी। इसके बाद गंगा स्तुति के जरिये भी उन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। एक बारगी तो ऐसा लगा मानों दोनों के पैरों से आ रही घुंघरुओ की आवाज से ही कोई कविता प्रफुस्टित हो रही हो।
इससे पहले अपनी प्रस्तुति प्रारंभ करते हुए नलिनी और कमलिनी ने कहा कि संगीत की शुभारंभ भगवान शिव के तांडव से हुआ है। पाश्र्व गायिका सोनिया शर्मा के गीतों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। हरिद्वार नागरिक मंच के अध्यक्ष सतीश जैन, उपाध्यक्ष पीएस चौहान, महामंत्री देवेंद्र शर्मा, एचईसी कॉलेज के निदेशक संदीप चौधरी, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष राव आफाक समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।