शेरपुर गांव में परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस छह संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस जल्द ही लूट का खुलासा कर सकती है।
पथरी थाना क्षेत्र स्थित शेरपुर गांव में मंगलवार रात दो बजे करीब नकाबपोश हथियार बंद बदमाश एक घर में घुस गए थे। बदमाशों ने पहले घर की महिलाओं से खाना बनवाकर आराम से खाया था। फिर हथियारों के बल पर सभी सदस्यों को बंधक बनाकर हजारों की नकदी और जेवर लूटकर फरार हो गए थे। शोर सुनकर ग्रामीणों ने परिवार को बंधनमुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की थी और केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश में जुट गई थी। सीओ लक्सर बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए पथरी थानाध्यक्ष दीपक कठैत के नेतृत्व एक और तीन अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। शेरपुर के अलावा आसपास के बादशाहपुर और नसीरपुर कलां समेत कई स्थानों पर पुलिस ने लोगों के यहां लगे निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। उक्त स्थानों पर ग्राम पंचायत की ओर से लगे सभी सीसीटीवी कैमरे खराब मिले है। पुलिस की चार टीमें लुटेरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं, थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।