नाबालिग पर गलत नीयत से लैंगिक हमला करने के मामले में आरोपी को विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट अर्चना सागर ने आरोपी युवक को दोषी पाते हुए पांच वर्ष की कठोर कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
शासकीय अधिवक्ता आदेश चंद चौहान ने बताया कि पीड़िता के पिता ने कोतवाली लक्सर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग बेटी चार नवंबर 2017 को शाम को शौच के लिए गई थी। रास्ते में आरोपी रिंकू निवासी ओसपुर उसकी बेटी को पकड़कर खेत में ले गया था। बेटी के शोर मचाने पर रिंकू वहां से भाग गया था। बेटी ने घटना के बारे में अपने परिजनों को बताया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी रिंकू के खिलाफ नाबालिग से दुराचार की कोशिश करने और शारीरिक हमला करने की आदि के आरोप में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया था। न्यायालय में उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 10 गवाह पेश किए गए थे। न्यायालय ने आरोपी को पर्याप्त साक्ष्यों के अभाव में दुराचार करने की कोशिश के आरोप से दोषमुक्त कर दिया और लैंगिक हमला करने के आरोप में दोषी पाते हुए 5 वर्ष के कठोर कारावास व 20 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया ।