एचआरडीए छह महीने में सील किए गए अवैध निर्माणों की जांच करेगा। एचआरडीए को कई निर्माणों की सील तोड़ने की शिकायत मिलने के बाद यह निर्णय लिया है।
एचआरडीए सचिव कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को शिकायत मिली है कि भूपतवाला में अवैध बहुमंजिले निर्माण की सील तोड़कर अंदर काम किया जा रहा है। इस शिकायत पर उन्होंने सहायक अभियंता पंकज पाठक को जांच करने के लिए कहा है। हरिद्वार, रुड़की, लक्सर, ऋषिकेश सहित एचआरडीए के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में सील किए अवैध निर्माणों की अवर अभियंताओं व सहायक अभियंताओं से जांच करवाई जाएगी। यदि शिकायत सही पाई गई तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि एचआरडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान चलाया गया था। अवर अभियंताओं की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए सचिव कृष्ण कुमार मिश्रा ने कई निर्माणों में सील के आदेश पारित कर निर्माण सील कराए थे। अब एक-एक कर सील तोड़कर लोग अधूरा अवैध निर्माण पूरा करने में लगे हैं। लक्सर रोड पर भी सील की गई दुकानों की भी खुल चुकी हैं। सचिव ने बताया कि भूपतवाला क्षेत्र में कई अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई भी की जानी है।