- हर की पैड़ी पर किया गंगा पूजन, वीडियो बयान जारी कर बताया जेल में निरुद्ध पीड़िताओं का हाल
- जान की सुरक्षा को लेकर चिंतित उर्मिला ने कहा उत्तराखंड पुलिस की आभारी जिन्होंने दिया सम्मान
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। जेल से रिहा होने के बाद उर्मिला सनावर ने हर की पैड़ी पर गंगा पूजन किया। उन्होंने एक वीडियो बयान जारी किया, जिसमें कहा कि वह जेल में बंद बेबस और लाचार महिलाओं के लिए संघर्ष करेंगी। सनावर ने इस दौरान सभी को धनतेरस और दिवाली की शुभकामनाएं भी दीं।
उर्मिला सनावर ने बताया कि 25 अक्तूबर को रानीपुर पुलिस ने उनके घर से उन्हें जबरन उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि रानीपुर पुलिस ने सीसीटीवी बंद करके उन्हें बर्बरता के साथ गिरफ्तार किया। उन पर निराधार मानहानि के आरोप लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब एक साल से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रही हैं। इसी लड़ाई के चलते उन्हें झूठे मुकदमे में रोशनाबाद जेल भेजा गया था।
उन्होंने गंगा मैया और उत्तराखंड की जनता का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें हमेशा आशीर्वाद दिया। उर्मिला सनावर ने कहा कि उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने जेल प्रशासन और उत्तराखंड पुलिस को भी अच्छे व्यवहार के लिए धन्यवाद दिया।
-
कई बेटियां सालों से जेल में बंद
उर्मिला सनावर ने बताया कि जेल के अंदर उन्होंने कई ऐसी बेटियां देखीं जो सालों से बंद हैं। उनकी आवाजें ऊंची दीवारों के बाहर नहीं पहुंच पाती हैं। उनका जीवन पूरी तरह से जेल में ही सिमट गया है। उर्मिला सनावर ने संकल्प लिया कि वह उन बेटियों के लिए भी काम करेंगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने अंकिता भंडारी के लिए लड़ाई लड़ी, उसी तरह किसी भी जरूरतमंद बेटी की मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने ही उन्हें एक अभिनेत्री से क्रांतिकारी महिला बना दिया है। उन्होंने इस परिवर्तन के लिए उत्तराखंड वासियों को श्रेय दिया। सनावर ने अपनी कुछ बंद आईडी के जल्द चालू होने की भी उम्मीद जताई। कहा कि जब उन्हें बोलने की आजादी मिल जाएगी फिर वह अपने प्रशंसकों और समर्थकों के बीच में आएंगी।