सिडकुल थाना क्षेत्र में रहने वाले 63 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक और उनकी पत्नी के बैंक खातों से 99-99 हजार रुपये की अनाधिकृत निकासी का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में वरिष्ठ नागरिक ने बताया कि उनका खाता एसबीआई की रोशनाबाद-सिडकुल शाखा में है, जबकि उनकी पत्नी का खाता बैंक ऑफ इंडिया की दीपगंगा अपार्टमेंट शाखा में है। आरोप है कि बीती 26 मई को दोपहर करीब 12 बजे दोनों खातों से 99-99 हजार रुपये यानी कुल 1.98 लाख रुपये अनधिकृत रूप से निकाल लिए गए। उन्हें इसकी जानकारी लेनदेन के समय नहीं हुई। बाद में बैंक खाते का बैलेंस चेक करने पर रकम कटने का पता चला।
उन्होंने पुलिस को बताया कि न तो उन्होंने किसी को ओटीपी बताया और न ही पासवर्ड साझा किया। उनके मुताबिक दोनों बैंक खातों में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज था और उन्हें आशंका है कि मोबाइल फोन हैक होने के बाद जालसाजों ने रकम निकाली। बैंक से जानकारी करने पर पता चला कि एसबीआई खाते से निकाली गई रकम गुरुग्राम सेक्टर-6 स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में एक व्यक्ति के खाते में गई है। वहीं, बैंक ऑफ इंडिया से निकली रकम के संबंध में भी बैंक से जानकारी ली गई है। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।