- आरोपियों के पास से बरामद हुआ लूटा गया सामान
- कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस तीनों को जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। पुलिस ने पथरी क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पांच घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इसमें तीन आरोपियों को लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से एक बाइक भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया है।
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि वानप्रस्थ गेट कनखल रोड दयानंद नगरी ज्वालापुर निवासी नीरज चौहान ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह और उनके दोस्त नवलदीप कनखल हरिद्वार किसी काम से धनपुरा आए थे। वहां तीन अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की। लुटेरे उनकी दो सोने की अंगूठी, एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूट ले गए।
इस घटना से पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी। पुलिस अधिकारियों को तत्काल इसकी जानकारी दी गई। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार और फेरूपुर चौकी प्रभारी मोहन कठैत के नेतृत्व में दो अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई की गई। रविदास मंदिर के पास लक्सर रोड पर पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लूटा गया सारा माल बरामद कर लिया गया। बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, चांदी की चेन, कड़ा, लॉकेट और मोबाइल फोन शामिल थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अरुण कुमार और रितिक बताए। ये दोनों लक्सर के टांडा भागमल गांव के रहने वाले हैं। तीसरा आरोपी विशाल पथरी के शाहपुर शीतलाखेड़ा का निवासी है। दोनों पीड़ित नीरज चौहान और नवलदीप ने बरामद माल और लुटेरों की शिनाख्त की। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई के लिए आभार भी जताया। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।