त्योहारों पर रोडवेज बसों से घर जाने के लिए यात्रियों को परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए रोडवेज त्योहार स्पेशल बसों का संचालन करेगा। दिल्ली, बरेली, मुरादाबाद सहित कई रूटों पर बसें संचालित करने के साथ ही बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए जाएंगे। त्योहारों पर यात्रियों को लेकर जाने वाले चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन योजना का लाभ मिलेगा।
हरिद्वार में उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों के लोग औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल, हरिद्वार, बहादराबाद में नौकरी करते हैं। करवाचौथ, दीपावली, भैयादूज मनाने के लिए लोग अपने घर जाते हैं। ट्रेनों के अलावा अधिक संख्या में रोडवेज बसों से लोग रवाना होते हैं। अक्तूबर के पूरे महीने त्योहार मनाए जाएंगे।
उत्तराखंड परिवहन निगम की हरिद्वार डिपो से करीब 108 बसों का संचालन होता है। ऐसे में परिवहन निगम की बसों पर यात्रियों का दबाव रहेगा। दीपावली पर दिल्ली, बरेली, मुरादाबाद, पीलीभीत, रामपुर, हल्द्वानी, मेरठ, अलीगढ़ सहित कई रूटों पर बसों में अत्यधिक दबाव बढ़ जाएगा। जिसको लेकर रोडवेज अलग से कुछ त्योहार स्पेशल बसें चलाने की तैयारी कर रहा है।
प्रोत्साहन योजना का मिलेगा लाभ
त्योहार पर बसों के फेरे बढ़ाते हुए अधिक काम करने वाले चालक-परिचालकों को किलोमीटर के हिसाब से प्रोत्साहन योजना के तहत राशि प्रदान की जाएगी। अभी कितनी राशि मिलेगी ये मुख्यालय से तय होगा।
दीपावली से पहले त्योहार स्पेशल बसें चलाने की योजना बनाई जा रही है। अत्यधिक दबाव वाले रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। त्योहार पर चालक-परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू होगी। जल्द ही मुख्यालय से इसके आदेश प्राप्त होने की उम्मीद है।
- प्रतीक जैन, सहायक महाप्रबंधक, उत्तराखंड परिवहन निगम हरिद्वार