हरिद्वार में श्यामपुर के पास हाईवे पर पलटी यूपी रोडवेज की बस ।
- फोटो : HARIDWAR
यूपी रोडवेज की बस का स्टेयरिंग लॉक होने से बस हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर पलट गई। बस में 30 यात्री सवार थे। बस पलटने से सवारियों की चीख-पुकार मच गई। चार यात्री मामूली घायल हो गए। पुलिस ने उनका प्राथमिक उपचार कराया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य पर भेज दिया गया।
नजीबाबाद डिपो की बस शनिवार को हरिद्वार से यात्री लेकर जा रही थी। बस जब श्यामपुर थाना क्षेत्र के होटल कंट्री इन के पास पहुंची तो उसका स्टेयरिंग जाम हो गया। चालक के नियंत्रण खोेने पर बस सड़क किनारे पलट गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने आनन-फानन में बस से यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। बस पलटने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल चौहान घटना स्थल पर पहुंचे और यात्रियों को बस से बाहर निकलवाना शुरू किया।
थाना प्रभारी अनिल चौहान ने बताया कि बिजनौर निवासी बलविंदर कौर, रीता निवासी नजीबाबाद, आकाश निवासी नटहौर बिजनौर और बलराम निवासी रोशनपुर बिजनौर को हल्की चोटें आई। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बसों में बैठाकर भेजा गया। उन्होंने बताया कि बस को क्रेन की मदद से साइड कराया गया।