प्रसार भारती के वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुआ पहला भाग
फिल्म में बने सांसद के पुत्र और विधायक प्रत्याशी
बिहार की राजनीति पर बनाई गई है फिल्म
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। वेब सीरीज हेलो हम बोल रहे हैं में धर्मनगरी के युवा ऋषभ पाठक चमके हैं। वह फिल्म में सांसद के पुत्र और विधायक प्रत्याशी बने हैं। फिल्म बिहार की राजनीति की पृष्ठभूमि पर बनाई गई है।
हरिद्वार के भीमागोड़ा निवासी अभिनेता ऋषभ पाठक अपनी जन्मभूमि से निकलकर मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। अभिनेता ऋषभ पाठक इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज हेलो हम बोल रहे हैं को लेकर चर्चा में हैं।
काइजेन क्राफ्ट फिल्म्स एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से प्रस्तुत वेब सीरीज प्रसार भारती की वेव्स ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है। इसके सभी लगभग तीन घंटे के एपिसोड दर्शकों के लिए उपलब्ध हैं। फिल्म में मुख्य किरदार यशपाल शर्मा ने निभाया है। वह सांसद सिंदुरी पान सिन्हा की भूमिका में हैं। ऋषभ पाठक इनके बेटे पुष्पांजल सिन्हा बने हैं, जो विधायक प्रत्याशी बने हैं। फिल्म दिल्ली और बिहार में फिल्माई गई है।
ऋषभ पाठक वर्षों से अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय हैं। फिल्म और डिजिटल मनोरंजन के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं। अपनी नई वेब सीरीज के माध्यम से वह एक बार फिर दर्शकों के सामने अपने अभिनय का नया अंदाज प्रस्तुत कर रहे हैं।
हरिद्वार और उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रखने वाले ऋषभ का कहना है कि उत्तराखंड की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और प्रदेश की कला व संस्कृति को मनोरंजन के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाना प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। ऋषभ का कहना है कि वह अपने काम के जरिये हरिद्वार और उत्तराखंड का नाम मनोरंजन जगत में करना चाहते हैं।