- श्यामपुर थाना क्षेत्र के पीली पड़ाव की घटना, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
- एक दिन पहले मीडिया के सामने घटना की जानकारी देने से बचती रही पुलिस
हरिद्वार/श्यामपुर। श्यामपुर थाना क्षेत्र के पीली पड़ाव में एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर के घर चार हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने दंपती को बंधक बनाकर मारपीट की और घर से नकदी, आईपैड और सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के एक दिन बाद तक पुलिस मामले को सार्वजनिक करने से बचती रही। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार की मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे की है। जब हिमालय निवास, पीली पड़ाव निवासी प्रोफेसर आर शंकर के घर में अज्ञात युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर अंदर घुस आए। तहरीर के मुताबिक पहले मुख्य गेट और फिर घर का दरवाजा तोड़ दिया। बदमाशों में एक के पास असलाह, दूसरे के पास चाकू और तीसरे के पास लोहे का सरिया था।
आरोप है कि चारों बदमाशों ने प्रोफेसर और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और दोनों को बेडरूम में बंधक बना लिया। इसके बाद घर से करीब 25 से 26 हजार रुपये की नकदी, एक आईपैड, प्रोफेसर की पत्नी के सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान समेट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। इधर, ये घटना सामने आने के बाद मीडिया भी जानकारी जुटाने लगी लेकिन पहले दिन घटना की जानकारी देने से स्थानीय पुलिस बचती रही। रविवार की दोपहर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामला सार्वजनिक हो गया।
वर्जन
प्रोफेसर के घर में लूट का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। - शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ सिटी हरिद्वार