हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में ई-रिक्शा चोरी के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, सुभाष नगर निवासी सुरेन्द्र सिंह ने कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि सात अगस्त 2024 की रात करीब दो बजे उनके घर के बाहर खड़ा ई-रिक्शा चोर ले गए। आठ अगस्त को घटना की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद 10 अगस्त को रिक्शा लावारिस हालत में मिला, 85 हजार रुपये कीमत की बैटरी गायब थी। सुरेन्द्र का कहना है कि बैटरी निकालने के बाद ही चोरों ने रिक्शा छोड़ दिया। लगातार शिकायतों के बावजूद मामला दर्ज न होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली, जिसके बाद रानीपुर पुलिस ने शुक्रवार को चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।