हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र के मिस्सरपुर में सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसा 10 फरवरी को उस समय हुआ था, जब तीन युवक धनपुरा से चंडीघाट बस्ती स्थित अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, घिस्सुपुरा थाना पथरी निवासी सनी पुत्र मेवानाथ ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई रोहित अपने साथ शीतल पुत्र कमलनाथ और गदरनाथ पुत्र रविनाथ के साथ मोटरसाइकिल से घर आ रहा था। जैसे ही वे मिस्सरपुर के पास पहुंचे, सामने से आ रही स्कॉर्पियो कार के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शीतल और गदरनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दोनों को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।