प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज होने वाली रैली के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। जिन रास्तों से होकर प्रधानमंत्री का काफिला गुजरेगा उन पर आज फलीट को गुजारकर पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक पूरा शहर जाम रहा। बार-बार यातायात बाधित होता रहा जिस कारण लोग सड़कों और गलियों में ही फंसे रह गए। सुरक्षा को लेकर ब्रीफिंग भी की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब दो बजे हवाई मार्ग से हरिद्वार पहुंचेंगे। उनका हेलीकाप्टर भेल स्थित स्टेडियम में उतरेगा। यहां से सड़क मार्ग द्वारा उन्हें भेल मार्ग से भगत सिंह चौक रानीपुर मोड़ होते हुए सभास्थल ऋषिकुल के मैदान पर लाया जाएगा। जहां नरेंद्र मोदी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। शुक्रवार को भेल से लेकर ऋषिकुल तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से एक घंटा पहले और जाने से आधा घंटा पहले रास्ता बंद कर दिया जाएगा। बृहस्पतिवार सुबह से ही जिला प्रशासन, पुलिस और भाजपा नेताओं की आपस में तालमेल को लेकर बैठकें होने लगी थी।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं को जायजा लेने के लिए गढ़वाल मंडल के कमिश्नर विनोद कुमार शर्मा, आईजी इंटलीजेंस अंशुमान, डीआईजी पुष्पक ज्योति समेत कई अधिकारी सुबह से ही समीक्षा करते रहे। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल होने वाली गाड़ियों के साथ आज के कार्यक्रम का रिहर्सल किया गया। इस कारण भेल, भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड, मध्य हरिद्वार, जाहन्वी डेल, प्रेमनगर आश्रम पुल समेत ऋषिकुल से लेकर देवपुरा चौक तक कई बार यातायात रोका गया। इस कारण कालोनियों की गलियों से निकलकर गुजरने का लोगों ने प्रयास किया तो उनके वाहनों से वहां भी जाम लग गया। इस कारण पूरा शहर पैक हो गया जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।