- पहले दिन भारतीय और विदेशी सैलानियों ने किए जंगली जानवरों के दीदार
- पहले दिन 113 भारतीय और विदेशी पर्यटकों ने किया वन्यजीवों का दीदार, चीला और रानीपुर गेट से शुरू हुई सफारी भारतीय पर्यटकों के लिए जिप्सी का किराया 2400 से 2500 रुपये तक निर्धारित
- जम्मू-कश्मीर वन विभाग के 26 प्रशिक्षु वन दारोगाओं ने भी लिया प्रशिक्षण
हरिद्वार। राजाजी नेशनल पार्क में पांच माह के लंबे अंतराल के बाद रविवार से जंगल सफारी शुरू हो गई। इसके साथ ही अगले सात माह तक पर्यटक पार्क के प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे। यात्रा सीजन का शुभारंभ चीला रेंज में शिवालिक नगर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने पर्यटकों के लिए गेट खोलकर किया। पहले दिन 82 भारतीय और 31 विदेशी पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। वहीं, हरिद्वार रेंज के रानीपुर गेट से भी सफारी शुरू हुई, जहां पहले दिन 10 जिप्सियां जंगल में गईं।
वन्यजीव प्रतिपालक विजय सैनी ने बताया कि चीला रेंज में 36 किलोमीटर के राउंड ट्रैक पर सफारी कराई जाएगी। इसके लिए 72 जिप्सियां पंजीकृत हैं। इनमें 30 जिप्सियां सुबह और 30 शाम की पाली में पर्यटकों को सफारी कराएंगी। भारतीय पर्यटकों के लिए जिप्सी का किराया 2400 रुपये, प्रवेश शुल्क 250 रुपये और प्रति व्यक्ति शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है। विदेशी पर्यटकों के लिए जिप्सी शुल्क 500 रुपये और प्रति व्यक्ति शुल्क 600 रुपये तय है।
शीतकालीन समय में सुबह 6:30 से 8 बजे और शाम 1:30 से 3 बजे तक सफारी होगी। वहीं, ग्रीष्मकाल में सुबह 5:30 से 7 बजे और शाम 3:30 से 4:30 बजे तक जिप्सियों को प्रवेश मिलेगा। पहले दिन जम्मू-कश्मीर वन विभाग के 26 प्रशिक्षु वन दारोगाओं को भी जंगल सफारी की जानकारी दी गई। इस दौरान रेंजर अचल सिंह गौतम, सूरत सिंह और राहुल सैनी मौजूद रहे।
उधर, हरिद्वार रेंज के रानीपुर गेट पर दर्जाधारी ओम प्रकाश जमदग्नि ने सफारी के लिए गेट खोले। रेंजर आभा रतूड़ी ने बताया कि यहां जिप्सी का किराया 2500 रुपये निर्धारित है। पहले दिन 10 जिप्सियां सफारी के लिए रवाना हुईं। इस अवसर पर वार्डन चित्रांजलि नेगी, सीमा पैन्यूली और मनोज कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।