सोमवार रात आए भूकंप के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया था। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकर जरूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि भूकंप को लेकर यदि कोई किसी तरह की अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सोमवार की रात जिले में भूकंप के झटके के बाद जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने आपदा प्रबंधन की टीम के साथ कलक्ट्रेट में बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्यान्न, संचार, परिवहन, सड़क, पुल और सूचना से संबंधित विभाग के अधिकारियों को सक्रिय रहने को कहा।
जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम में 24 घंटे जनरेटर और डीजल की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी. कृष्ण कुमार वीके., मुख्य विकास अधिकारी डा. मेहरबान सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डा. ललित नारायण मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी बीएस जंगपांगी, डीएसओ. राहुल शर्मा, एआरटीओ मनीष कुमार, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैंतुरा, विद्युत, पेयजल, जल निगम के अधिशासी अभियंता उपस्थित थे।