हरिद्वार। राजस्थान में वाल्मीकि समाज के युवक की पीट-पीटकर हत्या करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चमार वाल्मीकि महासंघ के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया।
ज्ञापन देते हुए महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष भंवर सिंह ने कहा कि देश में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति पर अत्याचारों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। हाल ही में राजस्थान के झालरापाटन में कई हमलावरों ने मिलकर दिनदहाड़े सड़क पर कृष्णा वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या कर दी। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के पलिया गांव में अनुसूचित जाति (पासवान) के घरों की रात को बिजली काटकर उनके घरों में तोड़फोड़, लूटपाट कर महिलाओं के साथ पुलिस कर्मियों ने छेड़छाड़ कर गंभीर अपराध किया है। मेहर सिंह, राजेंद्र श्रमिक और भानपाल सिंह रवि ने कहा कि एससी/एसटी समाज पर लगातार हो रहे अत्याचारों के खिलाफ एससी/एसटी समाज का प्रतिनिधित्व कर रहे एमपी, एमएलए एवं सभी जनप्रतिनिधियों ने चुप्पी साध रखी है। यह निदंनीय है। इस दौरान श्रमिक जिलाध्यक्ष धनपाल सिंह रवि, महानगर अध्यक्ष सुनील राजौर, सुरेंद्र कुमार, नसीर अहमद, श्याम सुंदर आदित्य, रफलपाल सिंह, आशीष राजौर, सरोज पाल सिंह, रूपचंद आजाद, राजेश बडके, मिथलेश गिल वाल्मीकि, अरविंद, राशिद अली और जाबीर अली आदि मौजूद रहे।