खड़खड़ी क्षेत्र में प्रदर्शन करते कांग्रेसी ।
- फोटो : HARIDWAR
भीमगौड़ा के नागरिकों ने अमृत योजना के निर्माण कार्यों में हो रही धांधली और मनमानी के विरोध में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि कहीं सड़क खोद दी गई, लेकिन पाइप नहीं डाले गए। बरसात में इनकी वजह से काफी मकानों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया।
पार्षद कैलाश भट्ट ने कहा कि अमृत योजना के अंतर्गत स्वीकृत पाइपलाइन का काम अव्यवस्थित तरीके से हो रहा है। मेन लाइन के अलावा गलियों में जहां लाइन डाली गई है, उसमें बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे कुछ मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। कहीं गड्ढे खोद दिए गए हैं, लेकिन लाइन नहीं डाली गई है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय अरोड़ा और महामंत्री अनुज गुप्ता ने आरोप लगाया कि अमृत योजना के अधिकारी राजनीतिक दबाव में कार्य कर रहे हैं। मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा कि अधिकारी सत्ताधारी पार्टी के साथ मिलकर मनमर्जी से कार्य कर जनता की मुसीबत बढ़ा रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्षद राजीव भार्गव और अमन गर्ग ने कहा कि यह पैसा जनता का है, किसी पार्टी का नहीं है। सुनील भाटिया, अमित राजपूत, करण सिंह राणा, नीरज भट्ट, राहुल पाठक, नीलम शर्मा, विजेंद्र ठाकुर, रामू कैलाश चंद्र पाठक आदि ने आक्रोश जताया है।