ऋषिकुल आयुर्वेदिक कालेज में बीएएमएस में मुन्नाभाई हायर करने के प्रकरण की जांच करने के मामले में दो प्रोफेसरों को मिली धमकी पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ऋषिकुल आयुर्वेदिक कालेज में मुन्ना भाइयों को हायर कर प्रवेश लेने के प्रकरण की जांच चार प्रोफेसरों की कमेटी कर रही है। टीम के दो सदस्यों चीफ प्रोक्टर प्रो. केके शर्मा एवं प्रो. आलोक श्रीवास्तव को धमकी भरा पत्र मिला। पत्र में भाजपा नेता विनोद आर्य के पुत्र पुलकित आर्य के खिलाफ जांच के संबंध में लिखा था कि हमारे परम मित्र के खिलाफ जांच वापस नहीं लेने पर आगे जो होगा इसके लिए स्वयं उत्तरदायी होंगे। अपने बचे हुए दिन गिनना शुरू कर दो, सावधान हो जाइए, ये मेरी आपको अंतिम चेतावनी है। इस मामले में दोनों प्रोफेसरों ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी
हरिद्वार। ऋषिकुल आयुर्वेदिक कालेज में मुन्नाभाइयों को हायर कर बीएएमएस में प्रवेश लेने के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की तलाश शुरू कर दी है। अब तक 17 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं मुख्य सरगना 2012 बैच का छात्र भी गिरफ्त से बाहर है।
आयुर्वेदक कालेज में बीएएमएस के 2013 बैच के 18, 2014 बैच के 3 एवं 2015 बैच के 6 छात्रों के मामले सामने आए है। एक ही कालेज में 27 छात्रों के मामले सामने आने पर विश्वविद्यालय के साथ अन्य लोगों में भी हड़कंप है। इनमें से 10 आरोपी छात्रों को जेल भेज दिया है। अब 2013 बैच के 17 छात्र पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। ये छात्र जांच प्रक्रिया में भी शामिल नहीं हुए थे। नगर कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।