धनौरी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा पदाधिकारियों ने पूरा दमखम लगाया। इसका असर यह रहा कि रुड़की-हरिद्वार मार्ग पर चलने वाले प्राइवेट वाहन लोगों कार्यक्रम में लेकर गए। इस वजह से आम यात्रियों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।
रुड़की-हरिद्वार रोड पर करीब 20 मेटाडोर रोजाना स्थानीय यात्रियों के लिए प्रमुख यातायात साधन के रूप में चलते हैं। शनिवार का भाजपा मंडल अध्यक्षों को रैली में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने का लक्ष्य देने के कारण वाहनों को किराये पर ले लिया गया।
सवारी न मिलने के कारण कामकाजी और अन्य यात्रियों को वाहन नहीं मिले। धनौरी निवासी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से बहादराबाद जाना था, लेकिन मेटाडोर न मिलने के कारण नहीं जा सके। सुरेंद्र सैनी ने बताया कि हरिद्वार जाना था, लेकिन वाहन नहीं मिला। वहीं तेलीवाला निवासी भोपाल सिंह और सत्यपाल सिंह ने भी रुड़की जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया।