पैनासोनिक लाइफ सॉल्युशंस और अभिप्रेरणा फाउंडेशन ने ज्वालापुर राजकीय प्राथमिक विद्यालय को तीन साल के लिए गोद लिया है। राजकीय विद्यालय अंगीकरण परियोजना के अंतर्गत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। बृहस्पतिवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता, पैनासोनिक सीएसआर प्रतिनिधि अजित राम और अभिप्रेरणा फॉउंडेशन के सचिव डॉ. दीपेश चंद्र प्रसाद ने विद्यालय के जीणोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया।
पैनासोनिक लाइफ सॉल्युशन्स के सीएसआर प्रतिनिधि अजित राम ने कहा कि बच्चों के लिए खाना खाने के लिए उपयुक्त जगह पर शेड बनाए जाएंगे। कार्यदायी संस्था अभिप्रेरणा फाउंडेशन के सचिव डॉ. दीपेश चंद्र प्रसाद ने कहा कि इससे पहले आठ स्कूलों का परियोजना के अंतर्गत कायाकल्प किया जा चुका है। वर्तमान में दो राजकीय प्राथमिक विद्यालय गोद लिए हैं।
इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी शिव प्रसाद सेमवाल, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बहदराबाद स्वराज सिंह तोमर, डॉ. संतोष कुमार चमोला, विद्यालय प्रधानाचार्य सचिन पाराशर, अभिप्रेरणा से प्रोजेक्ट समन्वयक पिंकी प्रसाद, अवनीश कुमार आदि मौजूद रहे।
स्कूल में ये सुविधाएं मिलेंगी
पैनासोनिक लाइफ सॉल्युशन्स ने मुख्य शिक्षा अधिकारी के साथ मई 2022 में एमओयू साइन किया था। जिसमें स्कूल भवन का जीर्णोद्धार, प्लास्टर फर्श, टाइल्स दरवाजे, खिड़कियां, पुताई रंगाई, कलर कोड, वॉल पेंटिंग, प्रत्येक कक्षा में सीसीटीवी, ग्रीन एवं व्हाइट बोर्ड, शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर, स्मार्ट क्लास प्रोजेक्टर, कंप्यूटर और बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, किचन गार्डन, पुस्तकालय, बाला की संकल्पना का चित्रण, चहारदीवारी, इंटरनेट की सुविधा सहित 22 बिंदुओं पर कार्य होने हैं।