हरिद्वार। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के रविवार को आगमन को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने पूरे शहर में यातायात व्यवस्था सख्त कर दी है। वीवीआईपी दाैरे के दौरान अव्यवस्था न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया है। इस दौरान सुबह छह बजे से लेकर कार्यक्रम की समाप्ति तक हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि कार्यक्रम के दिन पतंजलि विश्वविद्यालय के मेन गेट से अंदर परिसर तक किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बाॅयज मैस बैरियर से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। कार्यक्रम में पहुंचने वाले वीआईपी, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग आचार्यकुलम में की जाएगी जबकि आम जनता और अन्य वाहनों के लिए फ्लाईओवर के नीचे व फेज-1 क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
इस तरह होगी यातायात डायवर्जन की व्यवस्था
वीवीआईपी कार्यक्रम शुरू होने से एक घंटे पहले दिल्ली से आने वाले सभी वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर लक्सर—कनखल मार्ग से हरिद्वार भेजा जाएगा।
रुड़की से आने वाला यातायात पिरान कलियर और धनौरी मार्ग से हरिद्वार पहुंचेगा।
हरिद्वार से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन पतंजलि फ्लाईओवर की सर्विस लेन से होकर गुजरेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पतंजलि फ्लाईओवर और पतंजलि विश्वविद्यालय की सर्विस लेन पर हर प्रकार का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सल्फर मोड़, बहादराबाद से पतंजलि की ओर आने वाले वाहनों को शांतरशाह चौकी से डायवर्ट कर पथरी रो-पुल के रास्ते हरिद्वार भेजा जाएगा।
रायवाला से हरिद्वार की ओर आने वाले वाहनों को सप्तऋषि से भारत माता मंदिर होते हुए पुराने एआरटीओ चौक पर रोका जाएगा।
नजीबाबाद व चंडीचौक से ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों को आनंदवन समाधि सर्विस लेन कट से 200 मीटर पहले रोका जाएगा।
नजीबाबाद व चंडीचौक से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को अलकनंदा सर्विस लेन कट से 200 मीटर पहले रोक दिया जाएगा।
शंकराचार्य चौक से दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को गायत्रीलोक सर्विस लेन कट से डायवर्ट कर गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन कट से 200 मीटर पूर्व रोका जाएगा।
गुरुकुल कांगड़ी से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को राइस मिल तिराहा से डायवर्ट कर हरिलोक तिराहा सर्विस लेन कट से 200 मीटर पहले रोका जाएगा।
भगवानपुर से हरिद्वार या सिडकुल की ओर आने वाले वाहनों को धनौरी—सुमननगर मार्ग से डायवर्ट कर सिडकुल या हरिद्वार भेजा जाएगा।