दर्जनभर गांवों की ठप हुई बिजली, लोग हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
धनौरी। क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जब जसवावाला गांव के पास बिजली की लाइन में एक कौवा फंस गया। इससे लाइन में तकनीकी खराबी आ गई और करीब दर्जनभर गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने से क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8 बजे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही थी। इसी दौरान जसवावाला गांव की बिजली लाइन में अचानक एक कौवा फंस गया। इससे लाइन में फॉल्ट आने के कारण इस लाइन से जुड़े गांव कोटा मुराद नगर, आसफनगर, डालूवाला मजबता, हजारा ग्रंट, डालूवाला कला आदि की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बिजली नहीं आने से क्षेत्र के बिजली आधारित उद्योग-धंधे प्रभावित हुए। वहीं, सड़क किनारे स्थित बाजारों और अन्य संस्थानों में भी कामकाज प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। उपखंड अधिकारी अश्वनी सिंह ने बताया कि विभागीय टीम ने बिजली लाइन में आए फॉल्ट को ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई। करीब एक बजे बिजली आपूर्ति सुचारू होने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।