प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के दौरान पुलिसकर्मियों सहित कोई भी अधिकारी कर्मचारी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करेगा। फ्लीट में लगे एक एक वाहन को बारीकी से खंगाला जाएगा। पीएम मोदी के आगमन को लेकर वीवीआईपी ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए आला अधिकारियों ने यह निर्देश दिए।
योग भवन फेज-दो में पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एडीजी लॉ एंड ऑडर राम सिंह मीणा ने कहा कि यातायात व रूट ड्यूटी प्रभारी अपने क्षेत्र का बारीकी से भ्रमण कर त्रुटियां दूर करें। निरीक्षक एलआईयू, प्रभारी बीडीएस, प्रभारी डॉग स्कवायड टीम को निर्देशित किया कि वह कार्यक्रम की समाप्ति तक राउंड द क्लॉक हेलीपेड और कार्यक्रम स्थल की बराबर चेकिंग करते रहें। कार्यक्रम संपन्न होने तक कोई भी अपना ड्यूटी प्वाइंट न छोड़े और कोई भी अधिकारी कर्मचारी ड्यूटी के दौरान मोबाइल इस्तेमाल न करे। आईजी संजय गुंज्याल ने कहा कि फ्लीट मे लगे वाहनों को अच्छी तरह चेक किया जाए। कोई भी अनजान व्यक्ति कार्यक्रम स्थल के आसपास भी न रहे। क्षेत्र के होटल, धर्मशालाओं व सड़क मार्ग पर सघन चेकिंग जारी रखें। ब्रीफिंग में जिलाधिकारी एसए मुुरुगेशन, एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।