- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, फरार चल रहा है आरोपी
- जल्द आरोपी के हाथ न आने पर आगे की प्रक्रिया अपनाएगी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में बेकाबू कार की टक्कर से हुई तीन गायों की मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी पर पुलिस अब शिकंजा कसने की तैयारी में है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी के हाथ न आने पर उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की तड़के बैरागी कैंप में ओमपुल से आगे तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे मौजूद तीन गायों को टक्कर मार दी थी। हादसे में तीनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद चालक वाहन को घुड़सवार पुलिस लाइन के पीछे खड़ा कर फरार हो गया था। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान करण शर्मा उर्फ पंडित निवासी शूद धर्मशाला, जोदामल रोड, कोतवाली नगर के रूप में की थी। मामले में पुलिस ने खुद वादी बनकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
शनिवार के बाद रविवार को भी पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। अब पुलिस आरोपी के जल्द ही हाथ न आने पर आगे की कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू करेगी। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।