प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी की चुनावी रैली की सुरक्षा को लेकर हरिद्वार पुलिस ने पूरा दमखम लगा दिया है। मंगलवार को रैली स्थल से लेकर शहरभर के होटल, लॉज, धर्मशालाओं में चेकिंग अभियान चलाया गया। रैली स्थल के इर्द गिर्द का पूरा इलाका खंगाला।
ऋषिकुल मैदान में दस फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। रैली के मददेनजर आईजी रैंक के अधिकारी की अगुवाई में एसपीजी ने हरिद्वार में डेरा डाल लिया है। मंगलवार को भी रैली स्थल पर बम निरोधक दस्ते एवं डॉग स्कवॉयड ने चेकिंग अभियान चलाया। सीओ सिटी प्रकाश देवली, सीओ सदर जेपी जुयाल के निर्देश पर हरिद्वार शहर भर में होटल, लॉज, धर्मशाला को भी खंगाला गया। रैली स्थल के इर्द गिर्द के इलाके की एक तरह से किलेबंदी कर दी गई। कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी खुद दिनभर किरायेदारों, मकान मालिकों, दुकानदारों के सत्यापन में जुटे रहे। नगर पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने बताया कि पूरे शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
हेलीकॉप्टरों की हुई सफल लैंडिंग
रैली में शिरकत करने पहुंच रहे प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल भारतीय वायुसेना के तीन हेलीकाप्टरों के लैंडिंग की मंगलवार को रिहर्सल हुई। पड़ोसी जिले सहारनपुर के सरसावा स्थित भारतीय वायु सेना के कैंप से तीन हेलीकाप्टरों ने हरिद्वार के लिए उड़ान भरी। भेल के स्टेडियम पर बने हेलीपैड पर एक एक कर सभी हेलीकाप्टरों ने लैंडिंग की।