हरिद्वार। जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ ने कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जोनल मजिस्ट्रेट को अपने जोन की सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए।
कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ का कंट्रोल रूम सीसीआर रोड़ी बेलवाला में बनाया गया है। कंट्रोल रूम का नंबर 7055258800 है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कांवड़ मेले के लिए बनाए गये वाट्सएप ग्रुप पर जानकारी दी जाए जिससे समस्या का समाधान तत्काल कराया जा सके। उन्होंने नगर निगम को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, पेयजल निगम को पार्किंग स्थलों और कांवड़ पटरी पर पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। ऊर्जा निगम को बिजली गुल होने पर जनरेटर की अतिरिक्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को जल भराव वाले स्थानों पर जल निकासी का उचित प्रबन्ध करने को कहा। जिला पंचायत को कावड़ पटरी पर रूरल एरिया में एवं नगर निगम को शहरी क्षेत्र में झाड़ी कटान एवं साफ-सफाई उचित व्यवस्था करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सोनिका, अपर जिलाधिकारी जेएस नगन्याल, अभिषेक त्रिपाठी, एसपी सिटी नवनीत सिंह, सीएमओ. डा. बीएस जंगपांगी, सिटी मजिस्ट्रेट जय भारत सिंह, नगर आयुक्त विप्रा त्रिवेदी आदि अधिकारी उपस्थित थे।