बहादराबाद। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय बहादराबाद में आयोजित अंतरमहाविद्यालयी क्रीड़ा महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और संस्कृत शिक्षा निदेशक कंचन देवराड़ी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि खेल शारीरिक फिटनेस के साथ–साथ चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के दौर में युवा वर्ग तेजी से भटकाव का शिकार हो रहा है, ऐसे में खेल अनुशासन, धैर्य और निरंतर प्रयास की सीख देते हैं।
संस्कृत शिक्षा निदेशक कंचन देवराड़ी ने कहा कि सकारात्मक खेल भावना व्यक्ति को हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री ने भी छात्रों को पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल मानसिक, शारीरिक, सामाजिक तथा भावनात्मक संतुलन के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
दौड़ में निशांत, आकाश और दक्ष प्रथम
विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि एथलेटिक्स 1500 मीटर दौड़ बालक वर्ग में निशांत प्रथम, नीरज सिंह रावत द्वितीय, राहुल शर्मा तृतीय रहे, बालिका वर्ग में मनीषा प्रथम, चांदनी द्वितीय, समीक्षा तृतीय रही। 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में आकाश चौहान प्रथम, शिवम शर्मा द्वितीय, गोविंद कुमार तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में दक्ष प्रथम, हिमांशु पंत द्वितीय, अतुल तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ चांदनी प्रथम, समीक्षा द्वितीय, अंजली तृतीय रहीं। लंबी कूद में आकाश चौहान प्रथम, शिवम द्वितीय, उदित तृतीय रहे। बालिका वर्ग प्रथम पूजा, द्वितीय अंशिका, तृतीय खुशी रहीं। चक्का फेंक प्रथम योगेश, द्वितीय मंतोष, तृतीय अंकित रहे। भाला फेंक में प्रथम विनीत पाठक, द्वितीय संदीप सती, तृतीय बालकृष्ण रहे। वॉलीबल में दैवी संपद संस्कृत महाविद्यालय ऋषिकेश ने श्री जयराम संस्कृत महाविद्यालय ऋषिकेश को पराजित किया। कबड्डी में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय ने पंजाब सिंध क्षेत्र संस्कृत महाविद्यालय, ऋषिकेश की टीम को पराजित किया।