बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र में पतंजलि के पास एक पिकअप और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह रुड़की की तरफ से हरिद्वार की ओर जा रहे सब्जियों से भरे पिकअप वाहन के चालक ने पतंजलि योगपीठ के पास ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ईंटों से भरे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक दयाराम निवासी अलवर राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को वाहन से निकालकर एंबुलेंस से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है।