- बारिश में घरों में घुसता है पानी, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। सुमन नगर क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से परेशान लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि पिछले करीब छह वर्षों से हर बारिश में क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ जाता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घरों में घुस जाता है।
जलभराव के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। घरों में पानी भरने से दैनिक कार्य प्रभावित होते हैं। वहीं, छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में भी दिक्कत होती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी रहती है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि क्षेत्र में जल निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने जिलाधिकारी से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल निकासी के लिए नाला निर्माण अथवा अन्य उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। शिकायत करने वालों में राहुल सिंह, संगम, सुधा, अंशु, नीरज, सूरज, रोहित और गोपाल आदि शामिल रहे।