पीड़ित पक्ष का ही उत्पीड़न करने के विरोध में कोतवाली पहुंचे एक ग्रामीणों की पुलिस से नोंकझोंक हो गई। कैंपस में ही धक्का मुक्की भी हुई। ग्रामीण पुलिस द्वारा पकड़कर लाए लोगों को जबरन ले गए। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार गांव सराय में शुक्रवार सुबह मामूली विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। शिकायत होने पर पुलिस एक पक्ष को ज्वालापुर कोतवाली ले आई जबकि दूसरे पक्ष को नहीं बुलाया गया। कांग्रेस समर्थक गांव प्रधान हाजी यासीन भी कोतवाली पहुंच गए।
आरोप है कि पीड़ित पक्ष का ही उत्पीड़न करने का विरोध करने पर एसआई गजेंद्र सिंह ने ग्राम प्रधान से अभद्रता कर दी। ग्राम प्रधान से अभद्रता होने की सूचना पर उनका भतीजा मुकर्रम अंसारी और समर्थक कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली कैंपस में ही नोंकझोंक हुई। ग्रामीणों की पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई।
कोतवाली से ग्रामीण पकड़कर लाए लोगों को अपने साथ ले गए। जुमे की नमाज अदा करने से पहले ही सीओ सदर राजेश भट्ट, कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह रावत भी हंगामे की आशंका को देखते हुए गांव पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि एसआई और तीन पुलिसकर्मियों को कोतवाली से हटाया जाएगा। इसके बाद ही ग्रामीण शांत हुए।