यात्रीगण कृपया ध्यान दें, लक्सर से हरिद्वार के बीच डबल ट्रैक वाली लाइन चालू हो गई है। रेलवे लाइन को पार करने वाले व्यक्ति और वाहन चालक दोनों ओर देखकर पार करें। रविवार को रेलवे स्टेशनों और फाटकों पर कुछ इसी तरह से लोगों को सतर्क किया जाता रहा। आरपीएफ, जीआरपी व रेलवे के वाणिज्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लोगों को पर्चे के माध्यम से जागरूक कर रहे थे। जमालपुर फाटक पर हुए हादसे के बाद रेलवे प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर-जमालपुर फाटक पर सात जनवरी को ट्रायल ट्रेन से कटकर चार युवकों की मौत हो गई थी। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। ज्वालापुर से लक्सर व रुड़की के स्टेशनों पर रेलवे कर्मचारी, जीआरपी व आरपीएफ के अधिकारी व सिपाही लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इसके साथ ही ट्रैक व स्टेशनों के किनारों के गांवों व कस्बों में जाकर लोगों को बताया जा रहा है कि हरिद्वार-लक्सर के बीच दोहरी लाइन अब चालू हो गई है। एक लाइन पर ट्रेन आएगी जबकि दूसरी लाइन पर ट्रेन जाएगी, इसलिए रेलवे लाइन से होकर न गुजरें। रेल फाटक से ही होकर आएं और जाएं। रेलवे फाटक के नीचे से आने-जाने वाले लोगों को भी बताया जा रहा है कि वह फाटक खुलने के बाद ही निकले। वहीं बच्चों को जागरूक कर बताया जा रहा है कि अब वह रेलवे लाइनों के किनारों पर न खेलें। सीएमआई ज्वालापुर अजय तोमर ने बताया कि एक्कड़ स्टेशन व उसके आसपास के गांव, पथरी स्टेशन व उसके आसपास के गांव रुड़की, ढंडेरा समेत सभी फाटकों पर जाकर पंफ्लेट वितरित किए जा रहे हैं।