पथरी। नवगठित ग्राम पंचायत मिस्सरपुर में पंचायत भवन का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। ग्राम प्रधान ने डीएम और संबंधित अधिकारियों से भवन निर्माण के लिए जल्द बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बताया है कि पंचायत भवन न बनने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव में पंचायत घर नहीं होने से परिवार रजिस्टर की नकल व जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटकना पड़ता है। ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य इसलिए परेशान हैं कि पंचायत की बैठक कहां करें। बगैर पंचायत भवन के पंचायत प्रतिनिधियों को बैठक करने में परेशानी उठानी पड़ती है। गांव में बैठने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं होने से अन्य विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम नहीं करते हैं। पंचायत की ओर से पंचायत भवन के निर्माण के लिए 23 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर अधिकारियों को भेजा जा चुका है।
-
मनरेगा के एक लाख 17 हजार रुपये पंचायत भवन के निर्माण कार्य में लगा दिए हैं। रुपये खत्म होने पर निर्माण कार्य रुक गया है। अभी तक बजट के 23 लाख रुपये पंचायत के खाते में नहीं आए हैं।
पूजा चौहान, ग्राम प्रधान
बगैर पंचायत भवन के पंचायत प्रतिनिधियों को बैठक करने में परेशानी उठानी पड़ती है। इसलिए जल्द ही ग्राम पंचायत भवन का निर्माण कार्य पूरा होना जरूरी है।
सचिन चौहान, ग्राम पंचायत सदस्य
पंचायत भवन नहीं होने से लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल व जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटकना पड़ता है। वहीं, संबंधित अधिकारियों के लिए बैठने की व्यवस्था नहीं होने से गांव में आने से बचते हैं।
पंकज चौहान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य
-