हरिद्वार। जिला सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी कमेंद्र सिंह ने सोमवार से दो अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिसमें जन प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी से पखवाड़े को स्वच्छ भारत दिवस उत्सव के रूप में मनाने की अपील करते हुए कहा कि पखवाड़े के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसके तहत स्वास्थ्य कैम्प लगाने के साथ छात्रों के लिए स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रो पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे, एमएनए वरुण चौधरी, अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, मुख्य शिक्षाधिकारी केके गुप्ता, सीएमओ आरके सिंह, उपजिलाधिकारी अजयवीर सिंह, जितेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद