ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से की मार्ग के निर्माण की मांग की है।
- विधायक-अधिकारी ने क्षतिग्रस्त मार्गों के जल्द निर्माण का ग्रामीणों को दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। पदार्था, मुस्तफाबाद से नसीरपुर कलां और नसीरपुर कलां से नसीरपुर खुर्द गांव को जोड़ने वाले मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सड़क जगह-जगह से टूट गई है और एक हिस्सा पानी में बह गया है। इससे दोनों गांवों का संपर्क कट गया है, जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से मार्ग के निर्माण की मांग की है। सोहेल अंसारी, नूर अली, इरशाद अली और लाखन सिंह सहित कई लोगों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी इस संबंध में पत्र भेजा है। इन दोनों मार्गों से कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। टूटी सड़क और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। पैदल चलने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है। वे खेतों में काम करने के लिए इन्हीं मार्गों से जाते हैं।
नसीरपुर कलां की ग्राम प्रधान गुलनाज अंसारी और तसलीम अहमद ने कहा कि संबंधित अधिकारी क्षतिग्रस्त मार्गों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर उचित कदम उठाने की अपील की, ताकि लोगों को राहत मिल सके। पदार्था की ग्राम प्रधान डिंपल देवी ने बताया कि रात के अंधेरे में गड्ढे दिखाई न देने से दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और जल्द सड़क बननी चाहिए। पूर्व जिला पंचायत सदस्य नसीम अंसारी ने भी मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण पर ध्यान देने का अनुरोध किया।
अधिकारियों का आश्वासन
हरिद्वार ग्रामीण की विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि जल्द ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर इन दोनों मार्गों पर सड़क का निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग हरिद्वार के अधिशासी अभियंता योगेश मेहरा ने बताया कि इन क्षतिग्रस्त मार्गों के बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जेई को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।