हरियाणा नंबर की कार गन्नों के नीचे पूरी तरह दबी, दूसरी कार भी क्षतिग्रस्त
गनीमत रही कि हादसे के वक्त दोनों कारों में नहीं था कोई सवार
कनखल कोतवाली क्षेत्र में प्रेम नगर चौक से पहले हाइवे पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में हाईवे की सर्विस लेन पर बृहस्पतिवार की देर रात गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के नीचे सड़क किनारे खड़ी दो कारें दब गईं। इनमें हरियाणा नंबर की एक कार गन्नों के ढेर के नीचे पूरी तरह दब गई जबकि दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के समय दोनों कारों में कोई सवार नहीं था जिससे बड़ा हादसा बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटवाकर कारों को बाहर निकाला। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना प्रेमनगर तिराहे के पास की है। बृहस्पतिवार देर रात गन्ने से भरा एक ओवरलोड ट्रक हाईवे की सर्विस लेन से गुजर रहा था। होटल के सामने पहुंचते ही चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें लदे गन्ने और भारी वाहन की चपेट में दो कारें आ गईं। एक कार पूरी तरह गन्नों के नीचे दब गई जबकि दूसरी कार का पिछला हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि हरियाणा नंबर की कार से एक परिवार हरिद्वार में रिश्तेदारी में आया हुआ था। कार सड़क किनारे खड़ी थी और घटना के समय उसमें कोई मौजूद नहीं था। दूसरी कार भी सर्विस लेन के किनारे खड़ी थी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर कनखल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए ट्रक में लदे गन्ने हटवाए गए और ट्रक को हटाकर दोनों कारों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सर्विस लेन से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक को खाली कराकर हटवाया गया और सर्विस लेन पर यातायात सुचारू करा दिया गया है। हादसे में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
-
क्षमता से अधिक गन्ने लादकर दौड़ ट्रक
-इन दिनों शुगर मिलों में पेराई सत्र शुरू होने के चलते गन्ने से लदे वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है।हाईवे और आसपास की सड़कों पर क्षमता से अधिक गन्ना लादकर ट्रक दौड़ रहे हैं। कई बार इन वाहनों में गन्ने काफी ऊंचाई तक लदे होते हैं जिससे दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई और यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।