जिले में ओवरलोड ट्रक, ट्रैक्टर ट्रालियां, बस, आटो विक्रम के खिलाफ कार्रवाई न होने से आए दिन हादसे हो रहे है। नियमों की अनदेखी कर रहे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है। इससे ओवरलोड वाहन राहगीरों के दुश्मन साबित हो रहे हैं।
आटो विक्रम घुस रहे शहर में
परिवहन विभाग की सुस्ती के कारण रुड़की, ऋषिकेश, डोईवाला, लक्सर के आटो विक्रम रेलवे स्टेशन, हरकी पैड़ी, चंडी चौक, सिडकुल तक पहुंच रहे हैं। इससे शहर में वाहनों का दबाव बढ़ रहा है।
मेटाडोर के खिलाफ कार्रवाई नहीं
लक्सर से शंकर आश्रम तक और रोशनाबाद कचहरी से बहादराबाद आने वाले मेटाडोर में जमकर ओवरलोडिंग की जा रही है। लक्सर मार्ग पर तो कभी परिवहन विभाग की टीम जाती ही नहीं। जबकि खनन सामग्री से भरे सर्वाधिक ओवरलोडिंग वाले वाहन इसी मार्ग पर दौड़ते हैं। कुछ समय बैटरी रिक्शाओं के खिलाफ अभियान चलाकर अब परिवहन विभाग ओवरलोड बैटरी रिक्शाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता।
इनका कहना
परिवहन विभाग ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करता रहता है। जिन स्थानों से ओवर लोडिंग की शिकायत आ रही है वहां अभियान चलाया जाएगा।
- सुनील शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन)