- आठ महीने से बंद पड़ा है निर्माण कार्य, गर्मी में पानी संकट की आशंका
पथरी। जल जीवन मिशन के तहत बिशनपुर में चार साल बाद भी ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। टैंक का निर्माण कार्य पिछले आठ महीने से बंद पड़ा होने क कारण ग्रामीणों में रोष बना हुआ है। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने डीएम व संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है जिससे गर्मी के दिनों में लोगों को पानी मिल सके।
ग्राम प्रधान सन्नी कुमार व ग्रामीण कंवरपाल, सोमपाल आदि का कहना है कि गांव में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत हुई थी। करीब तीन साल पहले निर्माण कार्य शुरू हुआ था लेकिन पिछले आठ महीने से काम बंद पड़ा है। कई बार संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने की मांग की जा चुकी है लेकिन हर बार अधिकारियों की ओर से बजट उपलब्ध न होने की बात कही जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी में सबसे अधिक पानी की किल्लत होती है। ऐसे में निर्माण कार्य बंद होने से इस साल भी लोगों को पानी संकट का सामना करना पड़ सकता है।
क्या कहते हैं लोग
संबंधित अधिकारियों को गर्मी के दिनों में लोगों की पानी की समस्या दिखाई नहीं दे रही है। ग्रामीण पानी के लिए परेशान हैं।
- चमनलाल, ग्रामीण बिशनपुर
-
जब गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू हुआ था, तब ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि पानी की समस्या दूर हो जाएगी।
- सोमपाल, ग्रामीण बिशनपुर
-
कई बार अधिकारियों से निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। इस साल भी टैंक से पानी मिलना मुश्किल लग रहा है।
- अमित कश्यप, ग्रामीण बिशनपुर
-
पिछले आठ महीने से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि बजट आने पर ही काम शुरू कराया जाएगा।
- सन्नी कुमार, ग्राम प्रधान बिशनपुर
-
बिशनपुर में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य रुका हुआ है। बजट मिलने पर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा।
- विनोद कुमार, जेई, जल संस्थान हरिद्वार