दो हजार के नोट की जो पहली खेप हरिद्वार को मिली थी वह समाप्त हो चुकी है, अब छोटे नोट भी बैंकों के पास बहुत कम बचे हैं। रविवार को शाम होने से पहले ही कई बैंकों के साथ एटीएम में नोट समाप्त हो गए। ऐसे में मंगलवार सुबह जब बैंक खुलेंगे तो ग्राहकों की दिक्कतें बढ़नी तय है।
हरिद्वार जनपद में 2000 के नोट की सप्लाई मात्र सौ करोड़ हुई थी। 2000 के नोट रविवार की सुबह तक सभी बैंकों में समाप्त हो गए। लेकिन अधिकांश लोगों ने दो हजार के नोट चलाने में परेशानी को देखते हुए लेने से इंकार कर दिया। लाइन में लगे लोगों ने फुटकर मुद्रा की मांग की। अब बैंकों में नई करेंसी के बाद छोटे नोट भी समाप्त होने के कगार पर पहुंच गए। रविवार को शाम तीन बजे तक कई बैंकों में नोट समाप्त होने पर शटर बंद कर दिए। अब यह खबर लोगों को बेेचैन करने वाली है कि अगले कार्य दिवस में बैंक खुले तो प्रमुख बैंकों में भी पुराने नोट दो घंटे का भी समय समाप्त होने में नहीं लेंगे।
---------
कई एटीएम कार्ड लेकर पहुंचे लोग
एटीएम में सौ-सौ के नोट मिलने पर लंबी लाइन लग गई। हालांकि एटीएम से कुल दो हजार रुपये ही मिले। रुपये लेने के लिए एक-एक व्यक्ति कई एटीएम लेकर घुस गए। ऐसे में लाइन में लगे लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। कई एटीएम के बाहर खड़े लोगों ने इसको लेकर हंगामा काटा। पुलिस जैसे-तैसे लोगों को शांत करती रही।
-------------
दो हजार का नोट चलाने में परेशान
2000 का नोट मिल तो गया, लेकिन बाजार में चलाना मुश्किल हो रहा है। दुकानदार पूरे नोट के बदले में सामान लेने की बात कह रहे हैं। कोई भी दुकानदार नोट खुलाने की स्थिति में नहीं है। सबसे बड़ी समस्या ग्रामीणों के सामने आ रही है। वहां पर दो हजार में एक हजार का सामान भी देने को कोई तैयार नहीं है।
---------------
नई करेंसी की केवल एक ही खेप मिली, वो दो दिन में समाप्त हो गई। अब पुराने नोट भी समाप्त होने के कगार पर हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है।
- केएस पाल, लीड बैंक मैनेजर, हरिद्वार।