हरियाणा के ध्यानार्थ...
- ज्वालापुर का एटीएम साइबर ठगी की रकम निकालने में हुआ इस्तेमाल, रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। साइबर ठगी की रकम निकालने के लिए ज्वालापुर के एटीएम के इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। एटीएम से महज कुछ मिनटों में 10 बार में एक लाख रुपये निकाले। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आई4सी के समन्वय पोर्टल पर हरियाणा के फतेहाबाद निवासी शिकायतकर्ता की साइबर धोखाधड़ी संबंधी शिकायत दर्ज थी। इसकी जांच के दौरान ज्वालापुर के रेलवे रोड स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से 19 मई को शाम 6:05 बजे 10 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 10-10 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी सामने आई। कुल एक लाख रुपये की निकासी की गई। जांच के दौरान बैंक से एटीएम की सीसीटीवी फुटेज हासिल की गई।
फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति एटीएम से रकम निकालता दिखाई दिया। पुलिस ने निकासी के दौरान इस्तेमाल किए गए एटीएम कार्ड की जानकारी जुटाई तो वह इंडसइंड बैंक के एक खाते से जुड़ा मिला। खाता सहारनपुर निवासी व्यक्ति के नाम बताया गया है। जांच में सामने आया कि संबंधित खाते में 10 जुलाई 2025 से तीन जुलाई 2026 के बीच 700 से अधिक ट्रांजेक्शन हुए हैं। इन लेनदेन को संदिग्ध मानते हुए खाते के दुरुपयोग और साइबर ठगी की रकम के लेनदेन की आशंका है। सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।