धनौरी। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से धनौरी क्षेत्र में रतमऊ नदी के पुल पर हाइट बैरियर स्थापित कर दिया गया है। इसके साथ ही इस मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लगातार भारी वाहनों के आवागमन के कारण रतमऊ नदी का पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल की मरम्मत कराए जाने के मद्देनज़र इसे लगभग एक सप्ताह के लिए बंद रखने की योजना बनाई गई है। इस अवधि में किसी भी प्रकार के भारी वाहन को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
विभाग ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और रतमऊ पुल से भारी वाहनों को न ले जाएं।
इस संबंध में विभाग के एसडीओ धनौरी अनुज बंसल ने बताया कि बैरियर लगाने के साथ-साथ पुल की मरम्मत का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम आवश्यक था और सभी लोगों से सहयोग की अपील की गई है।