हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने तमंचा लेकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ जमालपुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नहर पटरी मार्ग पर एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम कुमार निवासी ग्राम सैदाबाद थाना लक्सर बताया।
एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन की जांच करने पर उसमें व्हाट्सएप और गैलरी में अन्य हथियारों के साथ उसकी तस्वीरें भी मिलीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह तमंचा गंगनहर क्षेत्र के एक युवक से खरीदा था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसका कुछ युवकों से विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने अपनी सुरक्षा के लिए हथियार रखा था। आरोपी पहले भी चाकूबाजी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी को जेल भेज दिया गया।