हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर में उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्क्वाड और स्थानीय पुलिस ने छापा मारकर अवैध पशु कटान पकड़ा। मौके से 20 किलो अवैध मांस, कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका भाई मौके से फरार हो गया। सामने आया कि लाइसेंसी मीट की दुकान पर अवैध कटान किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात गौवंश संरक्षण स्क्वाड को मुखबिर से सूचना मिली कि सलेमपुर निवासी सरफराज अपनी लाइसेंसी मीट की दुकान पर अवैध रूप से पशु कटान कर मांस बेच रहा है। सूचना पर स्क्वाड और गैस प्लांट चौकी पुलिस ने दुकान पर दबिश दी। दुकान में दो युवक मांस की कटाई करते मिले। पुलिस को देखकर एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सरफराज निवासी सलेमपुर बताया। फरार आरोपी की पहचान उसके बड़े भाई गुलनवाज के रूप में हुई।
कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि दुकान की तलाशी लेने पर 20 किलो मांस, कांटा-तराजू व अन्य उपकरण बरामद हुए। मौके पर बुलाए गए पशु चिकित्सक ने प्राथमिक जांच में बरामद मांस और अवशेषों को भैंसवंशीय पशु का बताया। परीक्षण के लिए नमूने सुरक्षित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। आरोपी के पिता के नाम से मीट विक्रय का लाइसेंस है। उसी की आड़ में अवैध कटान करने की बात सामने आई है।