- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने जेल भेजा
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में नहर पटरी पर स्मैक लेकर आ रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हारुन निवासी पिरान कलियर से 12.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात उपनिरीक्षक मनीष भंडारी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रेगुलेटर पुल से आगे बहादराबाद नहर पटरी मार्ग पर एक व्यक्ति पर शक होने पर टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम हारुन बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह स्मैक मुजम्मिल निवासी गढ़मीरपुर रानीपुर से खरीदकर लाया था जिसे वह बेचने और स्वयं सेवन करने वाला था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।