हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में मनी ट्रांसफर की दुकान में घुसकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पैसे, एटीएम कार्ड बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गौरव बंसल पुत्र अरुण कुमार बंसल निवासी रामधाम कालोनी रानीपुर ने बुधवार को शिकायत दी थी। बताया था कि रामधाम कालोनी में वह दुकान में मनी ट्रांसफर का कार्य करता है। 14 अप्रैल की दोपहर में दुकान का शटर बंद कर खाना खाने गया था। जब लौटकर आया तो गल्ले से 20 हजार रुपये, एटीएम कार्ड गायब थे। उसने दुकान के आसपास एक युवक को घूमते हुए देखा। जब सीसीटीवी चेक किए तो वही अंदर घुसकर चोरी करते हुए दिखाई दिया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी थी।
कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर कृपाल नगर ग्राउंड से आरोपी रवि कुमार निवासी राज मेडकल के पास वाली गली रामधाम कालोनी रानीपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए रुपये में से तीन हजार और दो एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।