हरिद्वार। भेल में स्थित विद्या मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल सेक्टर-वन को बंद किए जाने के फैसले के विरोध में पुराने छात्र भेल प्रशासन के विरोध में उतर आए हैं।
बृहस्पतिवार को भगत सिंह विचार प्रसार समिति के बैनर तले स्कूल के पुरातन छात्र एकत्रित हुए और वह स्कूल पहुंचे। समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व छात्र वरुण बालियान ने कहा कि अचानक भेल प्रशासन द्वारा जिस प्रकार स्कूल को बंद करने का निर्णय लिया है वह उचित नहीं है। कहा कि लोगों का अतीत स्कूल से जुड़ा है। भेल प्रशासन का निर्णय तानाशाही लगता है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि यदि मैनेजमेंट के सामने स्कूल चलाने में कोई समस्या है तो स्पष्ट करें। पूर्व छात्र सचिन चौधरी एवं अनुज सिंह ने कहा कि भेल प्रशासन का यह निर्णय सैकड़ों बच्चों के भविष्य पर भी प्रश्न चिह्न खड़ा करता है। कहा कि भेल के स्कूलों का अपना अलग महत्व है। चेतावनी दी कि यदि जरूरत पड़ी तो धरना प्रदर्शन करेंगे, चाहे उन्हें जेल ही क्यों न जाना पड़े। इस मौके पर संजयपाल, राजेश नेगी, अजेश, सुरेश, प्रिंस शर्मा, सचिन बैनीवाल, अवधेश यादव, भूपेंद्र वशिष्ट, रवि, दर्शन सिंह, जैकेश गिरि, गौरव प्रधान, अतुल, आदर्श कुमार, आशीष शर्मा आदि शामिल हुए।